बैतूल। जिले में प्यार का एक अजीब किस्सा सामने आया है। देवर और भाभी के परवान चढ़ते प्यार ने उन्हें ट्रेन से कूदने पर मजबूर कर दिया है। बताया जा रहा है कि एक देवर अपनी भाभी के लिकर भाग गया था जिसके बाद महिला के पति द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत पर पुलिस दोनों को पकड़ कर ला रही थी तभी रास्ते में देवर और भाभी ने ट्रेन से छलांग लगा दी।
जानकारी के मुताबिक मामला बैतूल जिले के मुलताई का बताया जा रहा है। जिसमें बिहार के रहने वाले देवर और भाभी में अफेयर के चलते वे घर से भाग कर बैंगलुरू चले गए थे। महिला के पति ने देवर और भाभी के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस दोनों को पकड़ कर संघमित्रा एक्सप्रेस से बिहार वापिस ला रही थी। साथ में महिला का पति भी था। ट्रेन से आते वक्त दोनों ने अचानक छलांग लगा दी। घटना में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें फिलहाल मुलताई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ने रविरार करीब दोपहर एक बजे चिन्नड़ के पास ट्रेन से छलांग लगाई थी। छलांग लगाते ही महिला के पति ने तुरंत चेन पुल करके ट्रेन को रुकवा लिया था।