इंदौर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक बार फिर मध्य प्रदेश के दौरे पर आने वाली है। जिसको देखते हुए प्रशासन ने आगमन की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रपति 2 दिन के इंदौर दौरे पर आने वाली है। यह उनका तीसरा दौरा होगा। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति इंदौर के देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने आएंगी और इसी दिन 19 सितंबर को वे महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जाएगी। ऐसे में उनके आगमन को देखते हुए जगह जगह पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे है।
दीक्षांत समारोह में शामिल होने आएगी
द्रौपदी मुर्मू 18 सितंबर को इंदौर आकर मृगनयनी एम्पोरियम पहुंचेंगी और कलाकारों से मिलेंगी। इसके बाद अगले दिन 19 सितंबर को सुबह महाकाल दर्शन करने उज्जैन जाएंगी और दोपहर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (davv) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। बता दें कि इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार एवं कई गणमान्यजन भी शामिल होंगे।
ऐसा रहेगा कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति 19 सितंबर को सुबह 9.30 बजे राष्ट्रपति मुर्मु हैलीकॉप्टर से उज्जैन जाएंगी, जहां पर महाकाल मंदिर में विशेष पूजा अर्चना व आरती में शामिल होंगी। दोपहर 11.30 बजे इंदौर लौटकर रेसीडेंसी कोठी पहुंचेगी, वहीं दोपहर 3.20 बजे डीएवीवी के ऑडिटोरियम हाल में होने वाले दीक्षांत समारोह में पहुंचेंगी। एक घंटा कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद वे शाम 4.45 बजे एयरपोर्ट से झारखंड के लिए रवाना हो जाएंगी।