PM Modi France Visit: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बुधवार (12 फरवरी 2025) को दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने का आह्वान किया। दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र और विभिन्न वैश्विक मंचों पर अपनी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा:
दोनों नेताओं ने अपनी विस्तृत बातचीत के बाद यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपनी प्रतिबद्धता को भी प्रमुखता दी, ताकि वैश्विक एआई क्षेत्र सार्वजनिक हित में लाभकारी सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय परिणाम प्रदान कर सके। बैठक के बाद जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया कि वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
भारत से 'पिनाका रॉकेट' लॉन्चर खरीदेगा फ्रांस:
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने रक्षा, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष के रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फ्रांस द्वारा भारत के पिनाका रॉकेट लॉन्चर की खरीद से दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों में मजबूती आएगी। दोनों नेताओं ने न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्नत बहुपक्षवाद की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने पश्चिम एशिया, आतंकवाद, यूरोप सहित कई अन्य मुद्दों पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मैक्रों को दिया भारत आने का निमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मैक्रों को भारत आने का निमंत्रण दिया। वार्ता के 10 परिणामों की सूची में भारत-फ्रांस के बीच एआई पर एक संयुक्त घोषणा, भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 के लिए लोगो का जारी होना, और भारत के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) और फ्रांस के इंस्टीट्यूट नेशनल डि रिसर्च एन इंफॉर्मेटिक एट एन ऑटोमैटिक (आईएनआरआईए) फ्रांस के बीच इंडो-फ्रेंच सेंटर फॉर द डिजिटल साइंसेज की स्थापना के लिए आशय पत्र का हस्ताक्षर शामिल हैं।