भोपाल। राजधानी सहित प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। इससे तापमान में भी बदलाव दर्ज किया गया है। रविवार को राजधानी में इस साल के जून महीने का सबसे कम दिन का तापमान रहा। पारा 2.2 डिग्री गिरकर 30.2 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 3.4 डिग्री कम है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों और तेज से मध्यम हवाओं के बीच तापमान में तेजी से कमी आई है। प्रदेश में औसत अधिकतम पारा करीब 3 डिग्री तक गिरने से गर्मी से राहत रही, लेकिन उमस परेशान करती रही। सबसे अधिक गिरावट नौगांव में 5 डिग्री की रही। यहां पारा 28 डिग्री रहा। शिवपुरी, खजुराहो, उमरिया में 4, दमोह, जबलपुर, मंडला, सिवनी, सीधी, टीकमगढ़ सहित दो दर्जन से अधिक जिलों में पारा 2 से 3 डिग्री तक गिरकर औसतन 32 डिग्री पर रहा है। पचमढ़ी में सबसे कम पारा 26.4 डिग्री रहा। मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को भी एक दर्जन से अधिक जिलों में मध्यम से भारी बारिश होगी। भोपाल में सामान्य वर्षा का अनुमान है।
भोपाल सहित आधे प्रदेश में सामान्य बारिश
सोमवार को भोपाल सहित दो दर्जन से अधिक जिलों में मध्यम से सामान्य बारिश हो सकती है। इनमें प्रमुख रुप से सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना आदि जिले शामिल हैं। इसके अलावा शहडोल, उमरिया, नरिसंहपुर, पन्ना, निवाड़ी, मैहर, पांढुर्ना आदि जिलों में भी सामान्य बारिश हो सकती है।
बारिश और रफ्तार पकड़ेगी
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी मानसून की उत्तरी सीमा जैसलमेर, चुरू, हिसार, करनाल, जालंधर, तरन-तारन से होकर गुजऱ रही है। इसके अलावा पूर्वी झारखंड के ऊपर एक साईक्लोनिक सकुर्लेशन बना है। वहीं, दक्षिणी गुजरात तट से लगे उत्तर-पूर्व अरब सागर से लेकर मध्य देश के ऊपर साईक्लोनिक सकुर्लेशन भी सक्रिय है। उत्तरी गुजरात के ऊपर भी एक सकुर्लेशन बना है। कच्छ से लगे दक्षिण पूर्व पाकिस्तान के ऊपर भी एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन है। इन सभी कारण प्रदेश में सिस्टम एक्टिव है और लगातार सक्रियता बनाए हुए है। इससे प्रदेश में बारिश और रफ्तार पकड़ेगी।आज यहां भारी बारिश का अलर्ट: विदिशा, रायसेन, बैतूल, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, अगरमालवा, मंदसौर, मुरैना, श्योपुरकलां, अनुपपुर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ भारी बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।