रायपुर: Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका दिन का दौरा कार्यक्रम इस प्रकार है: सुबह 11:40 बजे वे पंडरी स्थित स्वरा प्रतिष्ठान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे वे राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।
कश्मीर में फंसे 30 टूरिस्ट रायपुर वापस आए:
कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद वहां फंसे छत्तीसगढ़ के 30 लोग सुरक्षित रूप से राजधानी रायपुर लौट आए। लौटने वालों में आठ पुरुषों के साथ महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। ये सभी उधमपुर दुर्ग एक्सप्रेस से वापस पहुंचे। रायपुर लौटे लोगों ने बताया कि हमले के समय वे बैसरन घाटी से कुछ किलोमीटर की दूरी पर थे। जैसे ही हमले की जानकारी मिली, उनके शुभचिंतकों ने उन्हें तुरंत वहां से निकलने की सलाह दी। इसके एक दिन बाद उन्हें श्रीनगर भेजा गया।
3 दिन का येलो अलर्ट जारी:
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आज से अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश होने की संभावना जताई गई है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 17 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।