छतरपुर। में धर्म विशेष पर की गई टिप्पणी को लेकर बवाल मच गया। एफआईआर दर्ज कराने आए मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोगों ने थाने पर ही पथराव कर दिया। भीड़ द्वारा किए गए इस पथराव में थाना इंचार्ज सहित तीन सिपाही घायल हो गए। भीड़ ने कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की।किसी युवक के द्वारा की गई टिपणी को लेकर एफआईआर कराने मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोग थाने पहुंचे थे। ये लोग वहां प्रदर्शन करने लगे। शुरू में 4 से 5 सौ लोग थे। पुलिस ने सभी को बाहर कर दिया। इसके बाद भीड़ में मौजूद लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।
डीआईजी बोले- उपद्रवियों पर हाेगा सख्त एक्शन: घटनाक्रम के संबंध में डीआईजी छरतपुर ललित शाक्यवार का कहना है कि एक मामले में कुछ लोग थाने में ज्ञापन देने आए थे, पुलिस ने समझाइश दी तो भड़क गए और पथराव कर दिया। जिसमें टीआई समेत 2 पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दस मिनट के अंदर ही पथराव करने वालों को खदेड़ दिया। अब पूरी तरह शांति है। उपद्रवियों को सीसीटीवी के आधार पर चिन्हित कर सख्त एक्शन लिया जा रहा है।
हथियार और पत्थर देख पुलिस ने गेट बंद किया, तभी पथराव
घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। समाजजन थाने में शिकायती आवदेन देने पहुंचे थे। धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ती गई। सभी थाने के बाहर खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। तभी भीड़ में कुछ लोग पुलिस को हथियार और पत्थर लिए नजर आए। इस पर पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से थाना परिसर का मेन गेट बंद कर दिया। मेन गेट के बंद होते ही भीड़ ने पथराव कर दिया गया। पत्थरबाजी में थाना प्रभारी अरविंद कुंजर, आरक्षक भूपेंद्र कुमार और एएसपी विक्रम सिंह के गनमैन राजेंद्र चढ़ार घायल हो गए। सूचना मिलते ही कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन अस्पताल पहुंचे।