भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित ग्यारह सौ क्वार्टर बस्ती में रविवार दोपहर एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर जीजा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। कुछ महीने पहले ही बहन ने प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था। पुलिस के अनुसार ग्यारह सौ क्वार्टर बस्ती पिपलानी निवासी योगेश शमशेरिया (28) प्राइवेट काम करता है। मार्च 2024 में उसने बस्ती की ही एक युवती से प्रेम-विवाह किया था। यह विवाह दोनों परिवार की मर्जी के खिलाफ हुआ था। विवाह से नाराज युवती के भाई अंकित ने योगेश को सबक सिखाने का मन बना लिया था।
इसी वजह से योगेश अपनी पत्नी के साथ दूसरी जगह किराए का घर लेकर रहने लगा था। रविवार को योगेश ने अपने घर में बिजली फिटिंग का काम कराया था। काम कराने के बाद दोपहर करीब दो बजे वह इलेक्ट्रीशियन को छोड़ने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में 1100 सौ क्वार्टर इलाके में अंकित ने अपने दो साथियों में अनिल व मोना के साथ मिलकर योगेश को घेर लिया।
घेराबंदी कर अंकित ने गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर अंकित ने योगेश पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में योगेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अंकित, अनिल व मोना के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।