रिपोर्टर - संदीप करिहार
बिलासपुर। नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही प्रदेश के शीर्ष राजनीतिक दल बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने ही अपनी ताकत झोंक दी है। चुनाव के मद्देनजर बयानबाजियां भी तेज हो चुकी है। इसी के साथ ही कांग्रेस को बिलासपुर में बड़ा झटका लगा है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल का आज सकरी से सिरगिट्टी ट्रैक्टर रैली का प्रस्तावित था जिसे अनुमति नहीं दी गई।
जानकारी अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्रैक्टर रैली आयोजन को प्रशासन से अनुमति नहीं मिल पाई। अनुमति नहीं मिलने के बाद अब कांग्रेस बीजेपी के ऊपर हमलावर हो गई है। कांग्रेस ने जिला प्रशासन के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया है।
एडीएम, एसडीएम और एएसपी को हटाने की मांग
भूपेश बघेल के ट्रैक्टर रैली को परमिशन नहीं दिए जाने के पीछे राजनितिक षड्यंत्र का हवाला देते हुए पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के इशारे पर यह काम करने की बात कही गई है। कांग्रेस ने अमर अग्रवाल के इशारे पर काम करने वाले अधिकारियों जिले के एडीएम, एसडीएम और एएसपी को तत्काल हटाने की मांग की है। साथ ही कांग्रेस ने जिला प्रशासन के अधिकारियों पर लोकतंत्र की हत्या और कानून का उल्लंघन करने, गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाया। बगैर अनुमति के भी कांग्रेस ने ट्रैक्टर रैली निकालने का दावा किया है।