नगरी// अंगेश हिरवानी : जनपद पंचायत नगरी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर पार्टी का वर्चस्व कायम रखा। मंगलवार को जनपद पंचायत कार्यालय नगरी में हुए इस चुनाव में भाजपा समर्थित महेश गोटा अध्यक्ष और हृदय साहू उपाध्यक्ष पद पर विजयी हुए। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम प्रीति दुर्गम की देखरेख में यह चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें कुल 25 जनपद सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनावी प्रक्रिया के दौरान उत्साह, नाराजगी, नारेबाजी और हंगामे के बीच भाजपा ने अपनी जीत का परचम लहराया।
अध्यक्ष पद पर महेश गोटा को 15 और मुनेंद्र ध्रुव को 10 मत:
जनपद पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित महेश गोटा और कांग्रेस समर्थित मुनेंद्र ध्रुव के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान में महेश गोटा को 15 और मुनेंद्र ध्रुव को 10 मत प्राप्त हुए। इस जीत के साथ निर्वाचन अधिकारी ने महेश गोटा को विजयी घोषित किया। महेश गोटा की जीत से भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा का कब्जा, हृदय साहू बने उपाध्यक्ष:
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित हृदय साहू और कांग्रेस समर्थित नंदिनी साहू के बीच मुकाबला हुआ। मतदान से ठीक पहले जनपद सदस्य प्रेमलता नागवंशी की तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने मतदान में भाग नहीं लिया। इस प्रकार 24 सदस्यों द्वारा किए गए मतदान में हृदय साहू को 14 और नंदिनी साहू को 10 मत प्राप्त हुए। इस परिणाम के साथ भाजपा समर्थित हृदय साहू को निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्दलीय से भाजपा की रणनीति तक – राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर:
इस चुनाव के परिणाम के बाद नगरी क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि भाजपा ने निर्दलीय जीतकर आए जनपद सदस्यों को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बना दिया। महेश गोटा और हृदय साहू दोनों ने जनपद पंचायत चुनाव में भाजपा से समर्थन नहीं मिलने के कारण निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज कर जनपद सदस्य बने थे। अब भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाकर एक नई राजनीतिक रणनीति को दर्शाया है, जिस पर नगर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
प्रेमलता नागवंशी की नाराजगी, मतदान से पहले ही छोड़ दिया मतदान स्थल:
भाजपा समर्थित जनपद सदस्य प्रेमलता नागवंशी चुनावी प्रक्रिया के दौरान नाराज नजर आईं। वे अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल थीं, लेकिन पार्टी द्वारा प्रत्याशी न बनाए जाने से असंतुष्ट थीं। उपाध्यक्ष पद पर मतदान होने से पहले ही वे मतदान स्थल से बाहर चली गईं और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस को अपना इस्तीफा सौंप दिया। प्रेमलता नागवंशी की इस नाराजगी से भाजपा खेमे में हलचल मच गई।
मतदान स्थल पर हंगामा, जनपद सदस्य कलावती मरकाम के खिलाफ नारेबाजी:
मतदान केंद्र के बाहर उस समय हंगामा हो गया जब जनपद सदस्य कलावती मरकाम के खिलाफ उनके ही समर्थकों ने नारेबाजी की। सूत्रों के अनुसार, समर्थकों को इस बात की नाराजगी थी कि उन्होंने बिना सलाह-मशविरा के भाजपा खेमे में जाने का फैसला कर लिया था। समर्थकों को अंदेशा था कि वे भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर देंगी, जिसके चलते विरोध किया गया।
भाजपा-कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी, दोनों दलों के कार्यकर्ता रहे सक्रिय:
मतदान स्थल के बाहर भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। भाजपा की ओर से पूर्व जिला अध्यक्ष शशि पवार, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, जिला पंचायत सदस्य अरुण सार्वा, अजय फत्ते लाल ध्रुव, वरिष्ठ नेता कवींद्र जैन, अकबर कश्यप और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, कांग्रेस की ओर से सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, ब्लॉक अध्यक्ष भूषण साहू, कैलाश प्रजापति सहित कई नेता और कार्यकर्ता मतदान स्थल के पास डटे रहे।
भाजपा समर्थकों का विजयी जुलूस, आतिशबाजी और बधाइयों का दौर:
मतगणना के बाद नगरी नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य विजयी जुलूस निकाला। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और भाजपा कार्यकर्ताओं की नारों के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेश गोटा और उपाध्यक्ष हृदय साहू ने नगर का भ्रमण कर जनता से बधाइयां लीं और समर्थन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
जनपद पंचायत में भाजपा का दबदबा, कांग्रेस को बड़ा झटका:
इस चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जा किया। इस जीत के साथ भाजपा ने जनपद पंचायत नगरी में अपनी मजबूत पकड़ बना ली, जबकि कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी की रणनीतिक जीत बताया और जश्न मनाया।