Mahashivratri 2025: आज 26 फरवरी 2025, बुधवार को महाशिवरात्रि का पर्व खुशी और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। देशभर के शिव मंदिरों में भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा सुबह से ही शुरू हो चुकी है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, महाशिवरात्रि के दिन सच्चे मन से भगवान शिव की पूजा करने से भक्तों की सारी इच्छाएं पूरी होती हैं और उनके जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
महादेव की पूजा के दौरान कुछ चीजें ऐसी हैं, जिन्हें अर्पित करना मना किया गया है। कहा जाता है कि इन चीजों को भगवान शिव को चढ़ाने से भक्त को जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। चलिए, जानते हैं उन चीजों के बारे में जिन्हें महादेव को अर्पित नहीं करना चाहिए।
इन चीजों को शिवलिंग पर भूलकर भी ना चढ़ाएं :
तुलसी: पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव ने असुर जालंधर का वध किया था, जो माता तुलसी के पति थे। तभी से शिवलिंग पर तुलसी के पत्ते चढ़ाना मना किया गया है। अगर कोई गलती से भी शिवलिंग पर तुलसी पत्ता चढ़ाता है, तो महादेव उसे आशीर्वाद नहीं देते।
हल्दी: भगवान शिव तपस्वी थे और राख का ही उपयोग करते थे, जबकि हल्दी विवाह जैसे मांगलिक कामों में इस्तेमाल होती है। इसलिए शिवलिंग पर हल्दी लगाना वर्जित है।
सिंदूर: शिव पुराण के अनुसार, शिवलिंग पर सिंदूर चढ़ाना नहीं चाहिए क्योंकि सिंदूर का संबंध सुहागिन महिलाओं से है।
नारियल: महादेव का अभिषेक नारियल के जल से नहीं करना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने से आर्थिक तंगी आ सकती है।
टूटे हुए अक्षत: पूजा में टूटे हुए चावल (अक्षत) का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से महादेव नाराज होते हैं और पूजा का फल नहीं मिलता।
केतकी का फूल: पौराणिक कथा के अनुसार, केतकी के फूल ने ब्रह्मा जी के कहने पर भगवान शिव से झूठ बोला था। तब से महादेव ने केतकी के फूल को शिवलिंग पर चढ़ाने से मना कर दिया।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी ज्योतिष मान्यताओं पर आधारित है। inh24x7 इसकी पुष्टि नहीं करता है।