रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से रायगढ़ जिले के लैलूंगा भेड़ीमुड़ा निवासी जयराम को आखिरकार डेढ़ साल बाद हाथी के हमले से हुई क्षति का मुआवजा मिल गया। हाथी के हमले से जयराम अपाहिज़ हो गया था। जयराम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निजी निवास स्थित सीएम कैंप कार्यालय बगिया में अपनी शिकायत लेकर पहुंचा था जहां उन्होंने मुआवजा राशि नहीं मिलने की बात कही थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल मिली सहायता राशि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जयराम को वन विभाग ने तत्काल 58 हजार 385 रुपए का चेक प्रदान किया गया। जयराम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए राहत की सांस ली। यह घटना उस वक्त की है, जब जयराम पर एक हाथी ने हमला कर दिया था, जिसमें उन्हें गंभीर क्षति का सामना करना पड़ा था। लंबे समय से मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे जयराम को अब जाकर न्याय मिला है।