भोपाल। राजधानी में पहली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट इस माह हो रही है। देश विदेश के 2000 से ज़्यादा बड़े उद्योगपति यहां आ रहे हैं। इसके लिए शहर को जोरशोर से सजाया जा रहा है। सड़कों का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। दीवारों पर नए सिरे रंग रोगन किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी जहां 65 करोड़ रुपए खर्च करेगा, वहीं भोपाल नगर निगम 30 करोड़ रुपए लगाएगा। नगर निगम और दूसरी एजेंसियों ने इस बारे में जानकारी दी। भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में बड़े-बड़े उद्योगपति निवेश के नए मौके तलाशेंगे। इस समिट से राज्य में निवेश बढ़ने और रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसलिए सरकार शहर को आकर्षक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए कई तरह के काम किए जा रहे हैं।
दीवारों पर रंगाई-पुताई और पेंटिंग का काम शुरू
लेक व्यू के आसपास भी खूबसूरती बढ़ाई जा रही है। वहां रंग बिरंगे फूल लगाए जा रहे हैं। दीवारों पर कई प्रकार की कलाकृतियां बनाई जा रही हैं। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार दीवारों में रंगाई पुताई और पेंटिंग का काम शुरू कर दिया है। यह काम 20 फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। दीवारों पर पेंटिंग में लोककला और ग्रामीण पृष्ठभूमि के साथ ही स्वच्छता संदेश को दिखाया जा रहा है। वहीं नए बड़े आकर्षक गमलों में सुंदर फूलों के पौघों के साथ समिट के आसपास रखे जा रहे हैं। शहर की स्ट्रीट लाइट को सुधारने का काम भी शुरू कर दिया गया है।