होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Ganesh Chaturthi 2024: गणपति बप्पा के जयकारों के साथ गणेश प्रतिमाएं अपने घर ले गए श्रद्धालु

Ganesh Chaturthi 2024: गणपति बप्पा के जयकारों के साथ गणेश प्रतिमाएं अपने घर ले गए श्रद्धालु

भोपाल। राजधानी में गणेश उत्सव का उत्साह नजर आने लगा है। शनिवार से गणेश चतुर्थी के साथ ही दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो जाएगी। इस दौरान शहर में आकर्षक झांकियों, पंडालों के साथ-साथ घरों में भी विघ्नहर्ता भगवान गणेश की स्थापना की जाएगी। वहीं श्री गणेश की स्थापना के साथ ही त्योहारी सीजन की शुरुआत हो रही है। राजधानी भोपाल में कई जगहों पर 18 फीट तक की मूर्ति स्थापना की जाएगी।  

चांदी के सिंहासन पर विराजेंगे भोपाल के राजा

भोपाल के राजा का आगमन ढोल नगाड़ों के बीच शुक्रवार को हुआ, शनिवार को पीपल चौक में चांदी के सिंहासन पर विराजित किया जाएगा। श्री डोल ग्यारस समारोह समिति के सदस्य दीपक गोयल ने बताया कि इस साल भी छप्पन भोग, फल महोत्सव होंगे।भोपाल के दूल्हे राजा विराजेंगे: बद्रीनाथ धाम, मुक्तेश्वर महादेव, भोपाल के दूल्हे राजा और भोपाल के राजा की झांकियां विशेष तौर पर देखने को मिलेंगी। आनंद नगर में बद्रीनाथ धाम के रूप में पंड़ाल सजाया गया है।

इतवारा में भगवान गजानन के साथ शिव जी विराजित होंगे

इतवारा स्थित शिव मंदिर ट्रांसपोर्ट एरिया में 8 फीट ऊंची प्रतिमा विराजित की जाएगी। भगवान गजानन के साथ शिव जी मुक्तेश्वर महादेव के स्वरूप में विराजित होंगे। जो आकर्षण का केन्द्र रहेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की दी मंगलकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय पर्व और त्यौहार नागरिकों को परस्पर जोड़ने का कार्य करते हैं। गणेश चतुर्थी भी सामाजिक समरसता, भाइचारे, एकता के वातावरण को मजबूत करने तथा उल्लास और आनंद का अवसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश से प्रदेशवासियों के जीवन को और भी अधिक मंगलमय बनाने और समृद्धि की कामना की है। उन्होंने नागरिकों से यह भी आह्वान किया है कि पर्यावरण के संरक्षण का ध्यान रखते हुए मिट्टी से निर्मित लघु श्री गणेश प्रतिमा की स्थापना का प्रयास किया जाए।

लगा जाम, रेंगते रहे वाहन

शहर के अनेक स्थानों पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। मैनिट चौराहे से लेकर पंचशील पुलिया तक सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए।  कोलार रोड पर झांकी लगने से ट्राफिक डायवर्ट कर दिया गया, इससे एक साइड रोड पर जाम के हालत बन गए। इसके अलावा प्लाटिनम प्लाजा, नेहरू नगर, कोटरा, मंगलवारा समेत अनेक स्थानों पर जाम की स्थिति बनी।

न्यू मार्केट और बीमाकुंज पर विराजेंगे लालबाग के राजा

आज न्यू मार्केट में लालबाग के राजा की प्रतिमा विराजमान होगी। आयोजन समिति के मनोज गुरवानी ने बताया कि प्रतिमा 14 फीट है। इसके लिए पंडाल सजाया गया है।

कोलार में बद्रीनाथ धाम की झांकी के होंगे दर्शन

इसी प्रकार कोलार बीमा कुंज के पास बद्रीनाथ धाम की झांकी तैयार की गई है। यहां लालबाग के राजा की प्रतिमा विराजमान होगी। आयोजन समिति के प्रमोद शर्मा ने बताया कि रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं नीलबड़ गोकृपा पंचगव्य आयुर्वेद संस्थान द्वारा गोबर से निर्मित गणेश की प्रतिमाएं बनाई गई है। 
 


संबंधित समाचार