होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Election Results 2023 : मालवा-निमाड़ में सर्वाधिक और चंबल ग्वालियर में कम फायदे में रही भाजपा

MP Election Results 2023 : मालवा-निमाड़ में सर्वाधिक और चंबल ग्वालियर में कम फायदे में रही भाजपा

भोपाल। विधानसभा के इस चुनाव में भाजपा की आंधी के सामने कांग्रेस पत्ते की तरह उड़ती दिखाई पड़ी। प्रदेश का ऐसा एक भी अंचल नहीं है, जहां भाजपा ने बढ़त नहीं बनाई। मालवा-निमाड़ अंचल में सबसे ज्यादा 66 सीटें है तो भाजपा को सबसे ज्यादा फायदा भी यहां ही मिला। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कारण चंबल-ग्वालियर अंचल में भाजपा को ज्यादा उम्मीद थी, लेकिन यहां कम सफलता मिली। सिंधिया के खास समर्थकों की स्थिति भी ठीक नहीं रही। प्रदेश के विंध्य, बुंदेलखंड और मध्य भारत अचंल में पहले से भाजपा मजबूत थी। इस चुनाव में उसमेंं और इजाफा हुआ। कमलनाथ का छिंदवाड़ा जिला छोड़कर महाकौशल अंचल में भी भाजपा की आंधी चली। कुल मिलाकर इस चुनाव में भाजपा ने चौतरफा जीत दर्ज की।

मालवा- निमाड़ में सवाधिक 19 सीटों की बढ़त

प्रदेश के मालवा- निमाड़ अंचल में सर्वाधिक 66 विधानसभा सीटें आती हैं। पिछली बार भाजपा के पास 29 सीटें ही थीं। 2020 में दलबदल के बाद उसकी सीटें बढ़कर 33 हो गई थीं। इस बार भाजपा ने 48 सीटें जीत कर इतिहास रच दिया। इतना ही नहीं, भाजपा ने पहली बार इंदौर जिले की सभी सीटें जीत लीं। इसकी वजह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का मैदान में होना भी रहा। कांग्रेस के सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी जैसे दिग्गज चुनाव हार गए। 2018 के चुनाव की तुलना में भाजपा ने इस अंचल से 19 सीटें ज्यादा जीतीं।

कांग्रेस ने पीछा करते हुए 16 सीटें जीत लीं

चंबल- ग्वालियर अंचल में 18 सीटें जीती भाजपा ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया भाजपा में आ गए हैं, इसलिए ग्वालियर-चंबल अंचल में भाजपा को ज्यादा फायदा मिलना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उप चुनाव के बाद इस अंचल में भाजपा के पास 34 में से 16 सीटें थीं, इनमें दो का ही इजाफा कर भाजपा 18 सीटें जीत सकी। कांग्रेस ने पीछा करते हुए 16 सीटें जीत लीं। नरोत्तम मिश्रा और माया सिंह तक को हार का सामना करना पड़ा। अलबत्ता यदि सिंधिया को माइनस कर 2018 से तुलना की जाए तो भाजपा 11 सीटों के फायदे में रही। इस चुनाव में सिंधिया अपने समर्थकों को नहीं बचा सके। कांग्रेस छोड़कर उनके साथ 19 विधायक आए थे्। 

महाकौशल में 8, मध्य में सात सीटों की बढ़त

महाकौशल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का क्षेत्र माना जाता है। कमलनाथ ने अपने ग्रह जिले छिंदवाड़ा की सभी सीटें जीत लीं, लेकिन भाजपा ने कांग्रेस की तुलना में 8 सीटें ज्यादा जीत लीं। कमलनाथ मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तुलना में उनकी जीत का अंतर आधा भी नहीं रहा। शिवराज सीहोर सहित प्रदेश के कई  जिलों में भाजपा को एकतरफा जीत दिलाने में सफल रहे। मध्य अंचल में 36 में से 31 सीटें जीतकर भाजपा ने 7 सीटोें का इजाफा किया। 

बुंदेलखंड, विंध्य में भाजपा का दबदबा कायम

प्रदेश के बुंदेलखंड और विंध्य अंचल में पिछले चुनाव में भी भाजपा का दबदबा था, इस बार उसने पिछली बार से भी ज्यादा सीटें जीतीं। बुंदेलखंड की 26 में से 21 सीटें जीत कर भाजपा ने कांग्रेस को धूल चटा दी। यहां गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत और जयंत मलैया चुनाव जीतने में सफल रहे। विंध्य में भाजपा के पास पहले से 30 में से 24 सीटें थीं। इस बार उसने 25 सीटों में सफलता पाई। यहां सतना से सांसद गणेश सिंंह को हार का सामना करना पड़ा। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने पिछली हार का बदला लेकर चुरहट से चुनाव जीत लिया।


संबंधित समाचार