होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Bhopal News : कीचड़, गड‍्ढे, जाम बनी सिक्सलेन की पहचान

Bhopal News : कीचड़, गड‍्ढे, जाम बनी सिक्सलेन की पहचान

भोपाल। राजधानी में उपनगर के रूप में पहचान बनाने वाले कोलार रोड पर तेजी से आबादी बढ़ने के साथ देश के जाने माने व्यापारिक प्रतिष्ठान खुल गए। वहीं, आलीशान कॉलोनियों का निर्माण होने से आबादी पांच लाख से ज्यादा हो गई है। इसके बाद भी निर्माणाधीन सिक्सलेन पर परेशानी कम होने की जगह बढ़ती जा रही है। बारिश से कीचड़ और गड्ढों के कारण सुबह से शाम तक ट्रैफिक जाम से सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की 5 लाख से ज्यादा आबादी को चारों तरफ परेशानियों से होकर ही गुजरना पड़ रहा है।  सबसे ज्यादा परेशानी कोलार रोड से बाहर आवाजाही करने वाले लोगों को हो रही है, क्योंकि यहां के रहने वाले लोगों को हर काम के लिए बाहर ही जाना पड़ता है।

इसके अलावा यहां रहने वाले लाेग कई कई दिन तक राजधानी के अन्य क्षेत्रों से कटे रहने को मजबूर हैं और रिश्तेदारों-परिचितों के घर आना जाना बंद हो जाता है। वहीं परिचित और रिश्तेदारों को भी यहां के रहवासी अपने यहां आने से मना करते हैं। वजह यही कि जगह-जगह  गड‍्ढे हैं और उन्हें डर रहता है कि कहीं अंजान व्यक्ति इन गड‍्ढों में गिर या फंस न जाएं।

सर्वधर्म पुल तक लग रहा जाम

बारिश के साथ ही वाहनों का दवाब बढ़ने से शुक्रवार को ललिता नगर से नयापुरा होते हुए सर्वधर्म पुल तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। सूचना पर ट्रैफिक पुलिस व कोलार थाने की पुलिस पहुंची। ललिता नगर से नयापुरा तक जाने वाले मार्ग पर फंसे  वाहनों को एक एक करके निकाला। स्कूल बसें, ट्रक, कार सहित दोपहिया वाहन चालक जाम में फंसे रहे। ट्रैफिक जाम में फंसने से स्कूलों के छात्र छात्राओं सहित अन्य लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

तीन हिस्से में काम होने से परेशानी 

रहवासियों के अनुसार कोलार सिक्सलेन रोड पर सबसे बड़ी परेशानी गोल घर से गेस्ट हाउस तक तीन हिस्सों में काम होने से हो रही है।  सड़क पर तीन लेन हिस्से में ही दोनों तरफ के वाहन आवाजाही कर रहे हैं। वर्षा से कीचड़ होने व कट पाइंटों से वाहनों का आवागमन होने से ट्रैफिक जाम लग रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी रहवासियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील भी नहीं कर रहे हैं। क्योंकि यहां  वैकल्पिक मार्ग की कोई व्यवस्था ही नहीं है। 
 


संबंधित समाचार