MP Bjp Mla Meeting : मध्यप्रदेश सरकार के बजट सत्र से पहले बीते मंगलवार की शाम को बीजेपी विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सभी विधायकों को कुछ न कुछ इनोवेटिव करना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में भी इसका खासा महत्व है, इससे आम लोगों से जुड़ने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि सभी विधायकों के लिए एक वीसी रूम तैयार करवा रहे हैं, ताकि समय समय पर सभी से सार्थक चर्चा हो सके। उन्होंने विजन डाॅक्यूमेंट के बारे में भी विधायकों से जानकारी ली।
भ्रष्टाचार जैसी शिकायत नही हो...
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने विधायकों से कहा कि उनके जीवन में भ्रष्टाचार जैसी श्िाकायत नहीं होनी चाहिए। सार्वजनिक जीवन में हमेशा शुचिता का पालन करने से लंबे समय तक आप जनता के बीच रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार जैसी शिकायतों से बचना चाहिए। इस पर सभी को विचार करना चाहिए।
वीडी-हितानंद ने दिए टिप्स
विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री निवास में आयोजित हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायकों को कई तरह के टिप्स दिए। एक विधायक ने मुख्यमंत्री से कि बैंकों से मिलने वाली पेंशन व अन्य स्कीमाें से विधायकों कोे जुड़ना चाहिए। मसलन 20 रुपए की राशि देकर बैंक बीमा करते हैं। इस राशि को विधायक चाहे तो अपने क्षेत्र के लोगों के लिए खुद खर्च वहन कर सकते हैं।
इसके साथ ही कुछ विधायकों ने और भी कई तरह से अपने आइडिया के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संबोधित किया। वरिष्ठ नेतृत्व ने बैठक का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। बैठक का संचालन विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री, मंत्री एवं विधायकगण उपस्थित रहे।