
रायपुर: रायपुर पुलिस ने पान ठेले की आड़ में हुक्के का कारोबार कर रहे दो सगे भाईयों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने इनके पास से 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी दोनों भाई इसी अपराध में जेल जा चुके हैं।
पूरा मामला क्या है?
8 अप्रैल को रायपुर पुलिस को सूचना मिली कि खम्हारडीह क्षेत्र के राजीव नगर में एक व्यक्ति हुक्का से जुड़ी प्रतिबंधित सामग्री बेच रहा है। पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लिया और एक पाईंटर को ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी ने पाईंटर को सामान बेचा, पुलिस ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम मोहन लाल मंदानी था।
पुलिस ने मोहन लाल के घर की तलाशी ली और वहां हुक्का से जुड़ी प्रतिबंधित सामग्री पाई। जब उससे इसके वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। पुलिस ने हुक्का पॉट, पाईप, नोजल, कोल, गोगो, फ्लेवर, तंबाकू और अन्य सामग्री जब्त की। आरोपी के खिलाफ धारा 4(क), 21(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
इसके बाद गोलबाजार पुलिस ने जयस्तंभ चौक के पास स्थित एक पान दुकान, राज पान पैलेस पर छापा मारा और वहां हुक्का बेचते हुए दुकान के संचालक अशोक कुमार मंदानी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने वहां भी हुक्का पॉट, पाईप, नोजल, कोल, गोगो, फ्लेवर, तंबाकू और हुक्का जब्त किया। इन दोनों आरोपियों से कुल 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
मोहन लाल मंदानी (उम्र 63 साल) – निवासी राजीव नगर, खम्हारडीह, रायपुर
अशोक कुमार मंदानी (उम्र 58 साल) – निवासी राजीव नगर, खम्हारडीह, रायपुर
यह दोनों सगे भाई हैं और पहले भी हुक्का से संबंधित प्रतिबंधित सामग्रियों के भंडारण और बिक्री के मामले में जेल जा चुके हैं।