MP Weather Update : मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का असर अब दिखाई देने लगा है। प्रदेश के खजुराहो, गुना भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर शुक्रवार को सबसे गर्म रहे। खजुराहो में पारा 44.6, गुना में 44.3, ग्वालियर में 43 डिग्री, उज्जैन में 42.8 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, जबलपुर में 42.1 डिग्री और इंदौर में 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को 28 शहरों में पारा 40 डिग्री या इससे अधिक रहा।
अगले 5 दिन पड़ेगी गर्मी
ऐसा पहली बार हुआ है, जब इतने शहरों में भीषण गर्मी पड़ी है। शुक्रवार को रतलाम, सागर-सीधी में 43.8 डिग्री, दमोह में 43.6 डिग्री, सतना-शाजापुर में 43.1 डिग्री, नर्मदापुरम-रीवा में 42.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ रात में भी गर्मी बढ़ी है। अगले 5 दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा।
गर्मी से जानवर भी हलाकान
इधर, राजधानी के वनविहार में तेज गर्मी का असर जानवरों पर भी नजर आ रहा है। वे भी खासे परेशान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वन विहार प्रबंधन ने इन पशुओं के लिए जहां हौदों में पानी भर रखा है, वहीं आवासों में मोटे पर्दे लगाकर संरक्षित किया है। लेकिन इसके बावजूद भी जानवर परेशान नजर आ रहे हैं।