भोपाल। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड में चल रहे राष्ट्रीय खेल 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को 4 स्वर्ण और 2 रजत पदक अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ ही मध्य प्रदेश कुल 9 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ मैडल टैली में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। आज के पदकों में वुशु में 3 स्वर्ण और 1 रजत, वेटलिफ्टिंग में 1 स्वर्ण, और स्विमिंग में 1 रजत पदक शामिल हैं। मध्य प्रदेश 9 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ चौथे स्थान पर है।
खिलाड़ियों की शानदार सफलता से प्रदेश में उत्साह का माहौल बना हुआ है। इनमें वेटलिफ्टिंग में अजय बाबू ने लगातार दूसरे नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 322 किलोग्राम वजन उठाया। इससे पहले गोवा राष्ट्रीय खेलों में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। वहीं वुशु में टिंवकल भंडारी, नम्रता बत्रा, गीतांजलि त्रिपाठी ने स्वर्ण एवं भूरक्षा दुबे ने सिल्वर मेडल जीता। इसी प्रकार स्विमिंग में मप्र को एक रजत पदक पलक शर्मा ने 3 मी. सि्प्रंग बोर्ड डाइविंग में दिलवाया। उन्होंने 159.35 का स्कोर किया। वे मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूकीं, पर अब तक इस प्रतियोगिता में 1 स्वर्ण और 1 रजत सहित 2 पदक जीत चुकी हैं। उनका अगला इवेंट 1 मीटर स्प्रिंग बोर्ड का है।
स्वर्णिम प्रदर्शन गर्व की बात : खेल मंत्री सारंग
मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने X (ट्विटर) पर विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा, मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का स्वर्णिम प्रदर्शन गर्व की बात है। सभी पदक विजेताओं को बधाई और आगामी स्पर्धाओं के लिए शुभकामनाएं।
ओलंपिक संघ और खेल विभाग का उत्साह
प्रदेश के ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, सचिव दिग्विजय सिंह और संचालक खेल रवि कुमार गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाए दी हैं।
आज के महत्वपूर्ण मुकाबले
मध्य प्रदेश के खिलाड़ी वेटलिफ्टिंग, शूटिंग, स्क्वाश, बॉक्सिंग, योगासन, स्विमिंग, बास्केटबॉल 3x3 और आर्चरी में पदक के लिए जोर आजमाइश करेंगे।