MP Politics : मध्यप्रदेश भाजपा अपनी पार्टी के उन विधायकों, महापौरों और नेताओं से नाराज है जिनके बयानों के कारण संगठन और सरकार की छवि खराब हो रही है। ऐसा करने वाले पार्टी के दो विधायकों प्रदीप पटेल, प्रीतम लोधी, दो महापौर देवास की गीता अग्रवाल, सागर की संगीता सुशील तिवारी और बीना नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार 26 अप्रैल को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में तलब किया गया।
पूर्व जिलाध्यक्ष पार्टी से बाहर
वही पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में सतना के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा को पार्टी से बाहर निकाल दिया है। बुलाने के बावजूद न आने पर सागर की महापौर संगीता सुशील तिवारी को नोटिस थमाया गया है। सतीश के खिलाफ एक महिला ने छेड़छाड़ करने की शिकायत की है।
महापौर को नोटिस
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि बुलाने पर भी न आने को लेकर सागर महापौर संगीता सुशील तिवारी को नोटिस दिया जा रहा है। जबकि महिला से छेड़छाड़, अश्लील चैट वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सतना के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
प्रीतम लोधी नहीं पहुंचे भोपाल
शर्मा ने बताया कि देवास की महापौर से बात हुई है। बीना नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल पार्टी दफ्तर पहुंचे थे। पिछोर विधायक प्रीतम लोधी को भी बुलाया था, लेकिन वे राजस्थान में हैं। वे बाद में आएंगे। वीडी ने कहा कि कभी कोई कार्यकर्ता चाहे वह जनप्रतिनिधि हो या पदाधिकारी हो, अगर कुछ गलत बात करते हैं तो उन्हें बातचीत करने के लिए बुलाया जाता है। भाजपा में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। कभी-कभी आवेश में बातें हो जाती हैं जिसे ठीक किया जाता है।