MP Bjp Politics : मध्यप्रदेश बीजेपी में भाजपा जिलाध्यक्षों के ऐलान के बाद अब प्रदेश संगठन में कार्यकारिणी बनाने की कवायद शुरू हो गई है। बीजेपी संगठन ने नई कार्यकारिणी को लेकर गाइडलाइन जारी कि है। जारी गाइडलाइन में बीजेपी स्पष्ट दिशा निर्देश दिए है। गाइडलाइन में साफ तौर पर कहा है कि नई कार्यकारिणी में किसे लेना है, किसे नहीं।
बीजेपी की गाइडलाइन के अनुसार कार्यकारिणी में नए लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा ऐसे पुराने नेता जिनाका कामकाज सही रहा है उन्हें भी फिर से मौका दिया जा सकता है। आवश्यकता होने पर ही बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा कार्यकारिणी में महिलाओं और अजा-अजजा वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
जिला-मंडल कार्यकारिणी की कवायद
प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री और भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी ने मंडल, जिला और मार्चा की कार्यकारिणी गठन की कवायद शुरू कर दी है। सबनानी ने कहा है कि सभी स्तरों पर 40 प्रतिशत पदाधिकारी नियुक्त करना अनिवार्य है। कार्यकारिणी में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही अजा, अजजा वर्ग को भी शामिल किया जाए।
इन नेताओं की नहीं होगी नियुक्ति
प्रदेश भाजपा संगठन की गाइडलाइन में स्पष्ट किया है कि प्रवक्ताओं, कार्यकारिणी सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्यों में ऐसे नेताओं को नहीं लेना है, जिनकी पार्टी में भूमिका नहीं रही हो। ऐसे नेता या कार्यकर्ता जो किसी भी गतिविधि में शामिल नही रहे हो। मंडल समिति में उपाध्यक्षों की संख्या 6, महामंत्री 2, मंत्रियों की संख्या 6 और एक कोषाध्यक्ष की नियुक्ति होगी। कार्यकारिणी में कम से कम 5 महिला और 6 अजा और अजजा नेतृत्व होना जरूरी है।
इसी प्रकार जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्षों की संख्या 8, महामंत्री 3, मंत्रियों की संख्या 8 और 1 कोषाध्यक्ष की नियुक्ति होगी। जिला कार्यकारिणी में भी कम से कम 5 महिला और 6 अजा और अजजा नेतृत्व होना जरूरी है। ठीक इसी प्रकार मोर्चो में 3 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 3 मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। जिला मोर्चा स्तर पर 5 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 5 मंत्री और 1 कोषाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।
ये पद रहेंगे निरंतर!
भाजपा संगठन ने गाइडलाइन में कहा है कि आईटी सेल, सोशल मीडिया, मीडिया संयोजक, कार्यालय मंत्री और कोषाध्यक्ष के पदों पर जो पहले से हैं उन्हें निरंतर रखा जा सकता है, लेकिन अगर इन पदों पर आसीन नेता सक्रिय नही है तो उन्हें बदला जा सकता है।