धार। मध्यप्रदेश के धार से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां मंदिर में पूजा करने पहुंचे पुजारी पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुजारी की आवाज सुनकर उसे तेंदुए के चंगुल से छुड़ाकर वन विभाग को घटना की सुचना दी। गंभीर रूप से घायल पुजारी का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना से आस-पास के इलाके में दर का माहौल है।
आपको बता दें कि यह हैरान करने वाला मामला धार जिले के धामनोद वन परिक्षेत्र के सब रेंज उमरबन के ग्राम सावलाखेड़ी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रोज कि ही तरह पुजारी मदनलाल सुबह तकरीबन सात बजे पूजा पाठ करने के लिए मंदिर पंहुचा। जहां पहले से मौजूद एक तेंदुए ने पुजारी पर हमला कर दिया। तभी पुजारी की चीखें सुनते ही आस-पास मौजूद ग्रामीण मंदिर पहुंच गए और पुजारी को किसी तरह बचाया गया लेकिन तेंदुआ अभी भी मंदिर में ही है।
वहीं हादसे की सुचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने घायल पुजारी को उमरबन स्वास्थ्य केंद्र विभाग में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने गंभीर स्थिति होने की वजह से पुजारी को धार के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि, तेंदुआ मंदिर परिसर के अंदर है। जिसे वन विभाग द्वारा रेस्क्यू करने का प्रयास किया जा रहा है।