Vishnu Rajoria Passed Away : मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ट नेता, समाजसेवी और वरिष्ठ पत्रकार पूर्व मंत्री विष्णु राजोरिया का निधन हो गया है। राजोरिया ने भोपाल के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। विष्णु राजोरिया का निधन 83 वर्ष की उम्र में हुआ है।
जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री विष्णु राजोरिया लंबे समय से बीमार चल रहे थे। राजोरिया के पुत्र आशीष राजोरिया ने बताया है कि उनका इलाज चल रहा था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन मंगलवार की शाम उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनका निधन हो गया।
आपको बता दें कि की विष्णु राजोरिया ने राजनीति के अलावा कई क्षेत्रों में अपना योगदान दिया। राजोरिया कई पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके है। वे हरदा के रहने वाले थे। राजोरिया को हरदा का जननायक माना जाता था। राजोरिया के निधन के बाद उनके नेत्रदान के संकल्प को पूरा किया गया। राजोरिया का अंतिम संस्कार आज भोपाल के सुभाष नगर विश्राम घाट में किया जाएगा।
पूर्व मंत्री राजोरिया के निधन पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने एक्स पर लिखा है कि मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और पूज्य दाऊ सा. के साथी सहयोगी श्री विष्णु राजोरिया जी के निधन का समाचार दुःखद है। उनका अवसान मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है जिसकी पूर्ति संभव नहीं है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति।