MP Bjp President : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर राजनैतिक सरगर्मिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की दिल्ली यात्रा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढ़ा से मुलाकात के बाद नए अध्यक्ष की जल्द घोषणा को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि शेष बचे राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की जल्द घोषणा कर दी जाएगी।
इस कारण संभावना है कि मध्यप्रदेश के चुनाव प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान जल्द ही भोपाल आकर नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन पर नेताओं से बातचीत करेंगे। बीजेपी सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर ऐसे व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहती है, जो अगले विधानसभा चुनाव तक बिना किसी विवाद के कार्य करता रहे।
अध्यक्ष चुनाव पर बीजेपी की नजर
जानकारी के अनुसार लोकसभा का सत्र समाप्त होने तथा वक्फ संशोधन विल पारित होने के बाद पार्टी के नेताओं की नजर अब नए राष्ट्रीय अध्यक्ष और शेष बचे राज्यों के अध्यक्षों के चुनाव पर है। इसको लेकर लगातार बैठके जारी है। मध्यप्रदेश से लगे पडोसी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव हो चुके हैं। सभी ने विधिवत कामकाज भी शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ में तो एक ही दिन में सभी निगम मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी। अब मध्यप्रदेश पर सभी की नजरे हैं।
नरोत्तम मिश्रा बड़े दावेदार
सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश के नए भाजपा अध्यक्ष को लेकर दो-तीन दौर की बातचीत हो चुकी है। इस कारण धर्मेन्द्र प्रधान के भोपाल दौरे के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा हो जाएगी। अति विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार बैतूल के विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम सबसे आगे चल रहा है। खंडेलवाल को सुरेश सोनी की पसंद बताया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार के दो मंत्री हेमंत खंडेलवाल के नाम का विरोध कर रहे हैं। पार्टी के कुछ नेता दोनो मंत्रियों से भी समन्वय बनाने का प्रयास कर रहे हैं। पूर्व गृह मंत्री तथा पार्टी के दिग्गज नेता डा. नरोत्तम मिश्रा भी अध्यक्ष पद के बड़े दावेदार हैं। दतिया के कार्यक्रम में मिश्रा ने जिस तरह मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की तारीफ की उसे भी अध्यक्ष के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
शिवराज की पसंद कौन?
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भोपाल सांसद आलोक शर्मा या फिर पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। अध्यक्ष पद के अन्य दावेदारों में खरगोन सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, वरिष्ठ विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह तथा अरविंद सिंह भदौरिया आदि शामिल है। यदि महिला प्रदेश अध्यक्ष का प्रयोग किया जाता है तो रीति पाठक, हिमाद्री सिंह तथा कविता पाटीदार के नाम चर्चा है। चर्चाएं तो बहुत चल रही है, लेकिन मुख्यमंत्री की तरह भाजपा अध्यक्ष भी चौकाने वाला नाम हो सकता है।