MP Congress Politics : लगातार हार का सामना कर रही मध्यप्रदेश कांग्रेस अब अपने पैर जामने की कोशिश में है। जिसमें उसका साथ राहुल गांधी भी दे रहे है। इसी के चलते दिल्ली में आज मध्यप्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है। राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष खड़गे खुद जिलाध्यक्षों से वन टू वन चर्चा करेंगे। हालांकि इस दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले जिलाध्यक्षों की यह बैठकें काफी अहम मानी जा रही है। पार्टी सूत्रों की माने तो आज होने वाली बैठक में जो फैसले लिए जाएंगे उनको अहमदाबाद के अधिवेशन में रखा जाएगा और मंथन के बाद उसे लागू किया जाएगा।
जिलाध्यक्षों को मिलेगा पावर!
पार्टी सूत्रों की माने तो आज दिल्ली में होने वाली जिला अध्यक्षों की बैठक में जिला अध्यक्षों को ज्यादा से ज्यादा अधिकार दिए जाएं, इसको लेकर चर्चा की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि आने वाले चुनावों में जिलाध्यक्षों को पार्षद से लेकर सांसद तक के टिकट बांटने में अपनी भूमिका अदा करने का पावर भी दिया जा सकता है। पार्टी आलाकमान का मानना है कि जिले का अध्यक्ष ही ऐसा होता है जिसे जिले की सटीक जानकारी होती है। ऐसे में आने वाले समय में चुनावों के टिकक भोपाल या दिल्ली से तय न होकर जिलों से तय किए जाने की राणनीति पर काम किया जाएगा।
बदले जाएंगे ये जिलाध्यक्ष!
पार्टी सूत्रों के अनुसार दिल्ली आलाकमान से प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को जिलाध्यक्ष बदलने की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही कांग्रेस अब जिलाध्यक्षों में बदलाव करेगी। पार्टी ऐसे जिलाध्यक्षों को बदलेगा जो लंबे समय से जमे हुए है। साथ ही जिलाअध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर गाइडलाइन भी तैयार की जाएगी। ऐसे लोगों को जिलाध्यक्ष की कुर्सी दी जाएगी, जिसकी उम्र 50 साल से कम हो और उसे पार्टी में 10 से 15 साल का अनुभव हो।