MP Collectors Transfer : मध्यप्रदेश में कलेक्टरों का तबादला, क्यों हटे अशोकनगर कलेक्टर?

MP Collectors Transfer : मध्यप्रदेश में कलेक्टरों का तबादला, क्यों हटे अशोकनगर कलेक्टर?

MP Collectors Transfer : मध्यप्रदेश राज्य शासन ने रविवार अवकाश के दिन 4 जिलों के कलेक्टरों को हटा दिया। इसमें से दो को अन्यत्र जिलों में कलेक्टर बना दिया गया, जबकि बाकी दो को मंत्रालय में पदस्थ किया गया है। कुल 9 आईएएस अफसरों के तबादले किए गए। जबकि तीन आईएएस अफसरों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जारी सूची के अनुसार जनसंपर्क संचालक अंशुल गुप्ता को विदिशा कलेक्टर बनाया है। जबकि विदिशा कलेक्टर रहे रोशनकुमार सिंह को उज्जैन की जिम्मेदारी दी गई है। 

क्यों हटे अशोकनगर कलेक्टर?

सामान्य प्रशासन विभाग से जारी आदेश के अनुसार बसंत कुर्रे को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मंत्रालय भेजा गया है। वे काफी समय से वहां से निकलने के लिए प्रयासरत थे। जबकि उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को भी हटा दिया गया। उन्हे संचालक परियोजना स्वास्थ्य विभाग बनाया गया है। सिंह को करीब एक पखवाड़े से हटाए जाने की चर्चा हो रही थी। अशोकनगर कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी को भी हटा दिया गया। उन्हें हटाने की मुख्य वजह मुख्यमंत्री की नाराजगी मानी जा रही है। दरअसल, दो दिन पहले प्रधानमंत्री का कार्यक्रम अशोकनगर में हुआ था। इस दौरान शासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण लोगों, यहां तक की पत्रकारों तक की एंट्री आनंदपुर धाम में नहीं हो पाई थी। द्विवेदी को जीएडी में अपर सचिव बनाया गया है।

सिद्धार्थ जैन को हरदा की कमान

हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह को कलेक्टर अशोकनगर बनाया गया है। भोपाल में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ सिद्धार्थ जैन को हरदा कलेक्टर बनाया गया है। इंदौर में अपर कलेक्टर ज्योति शर्मा को देवास में जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है। जबकि देवास के सीईओ हिमांशु प्रजापति को मप्र औद्योगिक विकास निगम इंदौर में कार्यकारी संचालक बनाया गया है। इसी तरह प्रमुख सचिव गुलशन बामरा को अटल बिहारी सुशासन संस्थान का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जबकि इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को सिंहस्थ मेला उज्जैन तथा ऋषि गर्ग को अटल बिहारी बाजपेयी सुशासन संस्थान का संचालक अतिरिक्त प्रभार के साथ सौंपा गया है।


संबंधित समाचार