MP Bjp President : मध्यप्रदेश बीजेपी को नए अध्यक्ष का लंबे समय से इंतजार है, लेकिन अब घड़ी आ चुकी है नए अध्यक्ष के ऐलान की? प्रदेश में नए भाजपा अध्यक्ष को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि इस पखवाड़े में नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जा सकता है। सूत्रों की माने तो दिल्ली हाईकमान ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव को जल्दी करने का आदेश दिया है। जिसके चलते बीजेपी को इसी महीने नया मुखिया मिलने की संभावना है।
इसी महीने होगा ऐलान?
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी का नागपुर दौरा और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेशाध्यक्ष को लेकर चर्चा हुई थी। नागपुर से लौटने के बाद पीएम मोदी की भाजपा नेताओं से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी की जेपी नड्डा, अमित शाह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष समेत अन्य नेताओं को जल्द से जल्द राष्ट्रीय और बचे हुए प्रदेशों के अध्यक्षों का ऐलान करने को कहा है। बीजेपी अबतक 13 राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष घोषित कर चुकी है, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए 19 राज्यों के अध्यक्ष होना जरूरी है। ऐसे में बीजेपी इसी महीने बचे हुए प्रदेश के अध्यक्षों का ऐलान करेगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकेगा।
कौन होगा प्रदेशाध्यक्ष?
मध्यप्रदेश का अगला और नया अध्यक्ष कौन होगा? इसकी तलाश लगभग अंतिम चरण में है। बीते दिनों खबरे आई थी कि वीडी शर्मा को फिर से मौका दिया जा सकता है, लेकिन वीडी शर्मा को याचिका समिति में लेकर इन खबरों पर विराम पहले ही लग चुका था। अब उनके फिर से अध्यक्ष बनने की संभावनाएं कम हो गई है। अब बीजेपी अध्यक्ष की दौड़ में नरोत्तम मिश्रा प्रबल दावेदार माने जा रहे है। तो वही मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। हालांकि दौड़ में हेमंत खंडेलवाल, फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद हिमाद्री सिंह, दुर्गादास उइके, अर्चना चिटनिस, विधायक रामेश्वर शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, सुमेर सिंह सोलंकी समेत कई नाम चर्चा में भी बने हुए है।
शिवराज होंगे अगले अध्यक्ष?
प्रदेश अध्यक्ष के अलावा अगर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बात करे तो कई नाम चर्चा में बने हुए है। सबसे ज्यादा चर्चा केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह की चर्चा हो रही है। शिवराज सिंह को बीजेपी की कमान सौंपी जा सकती है। क्योंकि शिवराज सिंह संघ के करीबी है, वे 6 बार के सांसद, 4 बार के मुख्यमंत्री है। इतना ही नहीं शिवराज सिंह मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके है। अंदर खाने की खबर की माने तो शिवराज सिंह का नाम आरएसएस की लिस्ट में पहले पायदान पर है। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में धर्मेंद्र प्रधान, भूपेन्द्र यादव, सुनील बंसल, स्मृति ईरानी, तमिलिसाई सौंदर्यराजन और डी पुरंदेश्वरी का नाम बताया जा रहा है।