MP Bjp Action : मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी कार्रवाई कारते हुए तीन भाजपा नेताओं को पार्टी से निष्कासित करने का फरमान जारी किया है। बीजेपी ने सीधी जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह चौहान को भाजपा द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। यह कार्यवाही सुरेश सिंह पर एक युवती द्वारा छेड़छाड़ के आरोप लगाने के बाद की गई है।
वीडी शर्मा ने की कार्रवाई
घटना बीते शुक्रवार की बताई जा रही है। हालांकि मामले की फिलहाल थाने में शिकायत नहीं की गई है, लेकिन सुरेश सिंह का नाम बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर काफी तेजी से उछला। जिसके बाद यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा की ओर से की गई है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी की ओर से जारी निष्कासन पत्र में कहा गया है कि सुरेश सिंह द्वारा अशोभनीय कृत्य किया गया है, उससे पार्टी की छवि धूविल हुई है।
ये दो नेता भी निष्कासित
वही बीजेपी ने जबलपुर में जैन समाज के खिलाफ वायरल हुए एक विवादित ऑडियो के मामले में एक महिला नेता समेत दो नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। कथित वायरल ऑडियो में दोनों नेता जैन समाज की तुलना मुस्लिमों और रावण से कर रहे थे। ऑडियो 16 अप्रैल को वायरल हुआ था। ऑडियो में विधायक प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह और भाजपा मंडल अध्यक्ष जागृति शुक्ला के बीच बातचीत बनाई जा रही है।
ऑडियो वायरल होने के बाद जैन समाज सड़कों पर आ गया था। समाज के लोगों ने पुलिस थाने का घेराव कर मामले में दोनों नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वही प्रदेश बीजेपी संगठन ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बाद बीजेपी ने दोनों नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।