सतना : मध्यप्रदेश में बढ़ती गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन के साथ साथ रात में भी मौसम गर्म होने के चलते लोगों का हाल बेहाल हो गया है। जिसको देखते हुए सतना कलेक्टर ने स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। जारी आदेश के तहत अब से स्कूलों का संचालन सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 तक होगा। कलेक्टर ने छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह फैसला लिया।
15 अप्रैल से आदेश लागू
यह आदेश सतना के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में आज यानि की 15 अप्रैल से लागू कर दिया गया है। सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के अनुसार यह आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक प्रभावी रहेंगे। इसके साथ ही ज़िला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा या मूल्यांकन संबंधी कार्य पूर्व निर्धारित समयानुसार ही संचालित किए जाएंगे ताकि शैक्षणिक गतिविधियों में कोई बाधा न आए।
यहां भी बदला स्कूलों का समय
बता दें कि मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उज्जैन, ग्वालियर, राजगढ़, भोपाल, रतलाम और जबलपुर में भी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। इतना ही नहीं नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।