MP Weather Update : राजधानी सहित प्रदेशभर में दीपावली पर पिंक कोल्ड का असर गहराने लगा है। रविवार को भोपाल सहित प्रदेशभर में रात का जहां 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया है, वहीं दिन के तापमान में भी सभी जिलों में गिरावट हुई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 14.8 डिग्री दर्ज होने से यहां सीजन में पहली बार रात में लोगों ने कंपकंपी महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में अब और गिरावट का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार रात में ओस का असर बढ़ने के साथ ही हवाएं बदलने पर दिन और रात के तापमान में और गिरावट होगी।
कहां-कितना गिरा पारा
रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक दिन के पारे में गिरावट रीवा में 3 डिग्री रही। यहां पारा 28 डिग्री पर पहुंच गया। इसके अलावा नौगांव, सतना, सीधी, गुना में पारा 2 डिग्री तक गिरा। भोपाल में आधा डिग्री गिरकर 33 डिग्री पर रहा। शेष जिलों में आधा से एक डिग्री तक पारा गिरा। वहीं, रात के तापमान में सर्वाधिक कमी छिंदवाड़ा में 2.2 डिग्री रही। यहां पारा 15.8 डिग्री रहा। दमोह, नौगांव और बैतूल आदि शहरों में न्यूनतम पारा 2 डिग्री तक गिरने से यहां सर्दी का असर बढ़ा है।
अब आगे क्या?
शुक्ला के अनुसार अब हवाएं उत्तरी और उत्तर पश्चिमी हो रही हैं। इससे रात का पारा औसतन 16 डिग्री तक रहेगा, जबकि दिन के तापमान में एक से दो डिग्री तक घट-बढ़ जारी रहेगी। हवा में नमी के कारण सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, मंडला आदि जिलों में बादल-बारिश हो सकती है। भोपाल में मौसम साफ रहने से तापमान में और कमी आएगी।