MP first pod hotel ready at Bhopal station भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का पहला पॉड होटल बनकर तैयार हो गया है। जिसका उद्घाटन आज सांसद आलोक शर्मा और डीआरएम देवाशीष त्रिपाठी ने किया। यह होटल भोपाल के प्लेटफॉर्म 6 की बिल्डिंग में बनाई गई है। जहां यात्रियों को रहने खाने से लेकर हर तरह की सुविधा दी जाएगी। इतना ही नहीं इस होटल की कीमत भी काफी किफायती रखी गई है। ताकि यात्री आराम से अपने सफर का आनंद उठा सके।
फैमिली के लिए 20 पॉड आरक्षित
यह पॉड होटल शनिवार से यात्रियों के लिए खोला दिया गया है। इस होटल में कुल 78 पॉड बनाए गए हैं जिनमें से 20 पॉड फैमिली के लिए आरक्षित रहेंगे। इस सुविधा का संचालन आइआरसीटीसी करेगा। यात्री ऑनलाइन तरीके से पॉड होटल में पीएनआर नंबर के आधार पर बुकिंग करवा सकेंगे।
जानें क्या मिलेगी सुविधा
बता दें कि इस पोड होटल में AC की सुविधा, खाना और हाई-स्पीड वाई-फाई यात्रियों को मिलेगी। इसके साथ ही आरामदायक बिस्तर, तकिया के साथ ही गर्म और ठंडे पानी की भी सुविधा मिलेगी। स्वच्छता का खास ख्याल रखा गया है। साथ ही सामान की सुरक्षा के लिए लाकर की सुविधा। मोबाइल व इलेक्ट्रानिक उपकरण चार्ज करने की सुविधा। आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर उपकरण। टीवी और मेकअप मिरर, मनोरंजन और सुविधा के लिए उपलब्ध। होटल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सीसीटीवी कैमरे से होगी।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लिया गया फैसला
बता दें कि रेलवे ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस पॉड होटल को तैयार किया है । नई बिल्डिंग 20 अक्टूबर 2019 को शुरू की गई थी और लगभग 6 साल बाद यात्रियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। इससे पहले साल 2021 में मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर पहला पॉड होटल खोला गया था। अब भोपाल स्टेशन पर यह सुविधा यात्रियों के आरामदायक और किफायती ठहराव को सुनिश्चित करेगी।
यह होगा किराया
सिंगल: एयर कंडीशन पॉड के लिए 1 घंटे का 200 चार्ज किया जाएगा। इसी प्रकार 3 घंटे के लिए 299। 9 घंटे 600, 12 घंटे 700। 24 घंटे 1200 चार्ज किया जाएगा।
फैमिली: एयर कंडीशन पॉड के लिए 6 घंटे का 700, 9 घंटे का 900 चार्ज किया जाएगा। इसी प्रकार 12 घंटे का 1100 एवं 24 घंटे का 1500 चार्ज किया जाएगा।
जाने क्या है पॉड होटल
पॉड होटल, जिसे कैप्सूल होटल भी कहा जाता है, जापान में विकसित किया गया था। इसमें छोटी-छोटी कैप्सूल नुमा इकाइयों में यात्रियों के ठहरने की सुविधा दी जाती है। यह उन यात्रियों के लिए आदर्श होता है जो किफायती दर पर ठहरने की सुविधा चाहते हैं। पॉड होटल में कम जगह में उच्च श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।