Mahakumbh 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को महाकुंभ पहुंचीं, जहां उन्होंने संगम में 3 डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान से पहले, उन्होंने मां गंगा को पुष्प अर्पित किए और मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन और आरती की।
इसके बाद, राष्ट्रपति लेटे हनुमान मंदिर गईं, जहां उन्होंने आरती की, और फिर अक्षयवट धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ थे।
महाकुंभ में स्नान करने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति :
राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, जहां उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद, वह अरैल पहुंचीं, फिर बोट से संगम तक पहुंचीं और स्नान किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम चार बजे तक प्रयागराज में रहेंगी। वह देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं जिन्होंने महाकुंभ में स्नान किया। इससे पहले, 1954 में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में स्नान किया था।
अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु ने किया महाकुंभ में स्नान :
महाकुंभ का आज 29वां दिन है और 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। आज दोपहर 2 बजे तक 92.97 लाख लोग संगम में स्नान कर चुके थे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
प्रयागराज शहर में भारी भीड़ देखी जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए, अरैल घाट से संगम तक बोट सेवा को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा, संगम स्टेशन को 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है।