श्योपुर/करौली। राजस्थान के करौली में बोलेरो और ट्रक की भिड़ंत में 2 बच्चों व 6 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई। 4 लोग घायल हैं। हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे करौली-मंडरायल मार्ग स्थित डूंडापुरा मोड़ के पास हुआ। एसपी ब्रजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि तेज रफ्तार बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों वाहनों के टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ।
बोलेरो में सवार लोग कैला देवी के दर्शन करने जा रहे थे। मौके पर पुलिस ने सभी घायलों को करौली जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 4 घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इनमें से गंभीर घायल एक महिला का जयपुर के एसएमएस अस्पताल रैफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर नीलाभ सक्सेना दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। एसपी ब्रजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि बोलेरो पर मध्य प्रदेश का नंबर है। मृतकों की तलाशी लेने पर उनके लाइसेंस एमपी के मिले हैं। इसके अनुसार मृतक के श्योपुर जिले के रहने वाले थे। कुछ मृतक श्योपुर के भूत कच्छा और कुछ मंडरायल के पास खिरकन गांव के हैं।
पुलिस के ट्रक में रखकर अस्पताल लेकर गए शव
एक बच्चे और 2 महिलाओं समेत चार लोगों के शव पुलिस के ट्रक से करौली अस्पताल की मॉर्च्युरी लेकर गए। इस दौरान अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को हटाने के पुलिस बल तैनात किया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजस्थान के करौली में ट्रक और बोलेरो की दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से मृतक श्रद्धालुओं की आत्मा को शांति प्रदान करने एवं परिजनों को गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।