रायपुर: CG Morning News: "छत्तीसगढ़ की सभी प्रमुख और छोटी खबरों से आपको अवगत कराने के लिए INH 24x7 न्यूज का खास सेगमेंट 'Morning News' प्रतिदिन अपडेट किया जाता है। इस सेगमेंट में आपको सुबह के समय छत्तीसगढ़ राज्य की ताजातरीन घटनाओं, राजनीति, खेल, समाजिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों की जानकारी दी जाती है। 'Morning News' के माध्यम से हम आपको हर पहलू से जोड़कर दिन की शुरुआत में जरूरी और विश्वसनीय समाचार प्रदान करते हैं, ताकि आप हर स्थिति से अपडेट रहें और अपनी दिनचर्या को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकें।"
साय कैबिनेट की बैठक आज:
नए वित्तीय वर्ष की साय कैबिनेट की पहली बैठक आज दोपहर 12:30 बजे मंत्रालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक में जल संकट और हाल ही में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजनाओं को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। गौरतलब है कि पिछली कैबिनेट बैठक में मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ में भारत माला परियोजना के क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, इसकी जांच ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) से कराने का निर्णय लिया था, साथ ही अन्य कई अहम फैसले भी किए गए थे।
दो विभागों की समीक्षा बैठक लेंगे सीएम:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11:45 बजे नगर सेना माना कैंप पहुंचेंगे, जहां वे नवीन अग्निशमन वाहनों का शुभारंभ करेंगे और नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वे साय कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लेंगे। कैबिनेट बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री दो विभागों की समीक्षा बैठकें भी लेंगे। दोपहर 3:30 बजे वे खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा करेंगे, और इसके बाद 4:00 बजे गृह विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगे।
छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल:
छत्तीसगढ़ में आज एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में मेघ गर्जना, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। आगामी दिनों में भी गरज-चमक, हल्की से मध्यम वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.6°C दुर्ग में दर्ज किया गया।
मोर द्वार साय सरकार महाअभियान :
मोर द्वार-साय सरकार" महाअभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस 2.0 के तहत आवासहीन एवं कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान की जाएगी। अब तक इस योजना के अंतर्गत 3.59 लाख से अधिक लाभार्थी आवास से लाभान्वित हो चुके हैं।