भोपाल : मध्य प्रदेश उच्च माध्यमिक शिक्षक जल्द ही साल 2023 के पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति करने जा रही है। जिसको लेकर विभाग द्वारा तैयारी भी शुरू कर दी गई है। दरअसल, लंबे समय से नियुक्ति को लेकर कोर्ट में केस चल रहा था। ऐसे में अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने अभ्यर्थियों के हित में फैसला सुनाया। 12 नवंबर से विभाग नियुक्ति पत्र जारी करना शुरू कर देगा।
848 अभ्यर्थियों को 45 दिन में नियुक्ति पत्र देने के आदेश
जानकारी के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग 8,720 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया करेगा। इससे प्रदेश के चार हजार पात्र अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। 848 अभ्यर्थियों को 45 दिन में नियुक्ति पत्र देने का आदेश जारी किया है। बताया जा रहा है कि अभी तक उच्च माध्यमिक शिक्षक 2023 की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी। आठ हजार 720 पदों पर उम्मीदवारों की भर्ती होनी है। यह पद स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग में हैं।
ये है पूरा मामला
स्कूल शिक्षा विभाग ने वर्ष 2018 में उच्च माध्यमिक शिक्षक यानी वर्ग-1 के अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए परीक्षा कराई थी। 29 सितंबर 2022 को नियुक्ति प्रक्रिया को नई भर्ती बताकर ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों की नियुक्ति रोक दी गई। इससे 848 ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल सकी, जबकि इस भर्ती को भी वर्ष 2018 के परीक्षा परिणाम के आधार पर ही की गई थी। इस पर ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों ने उच्च न्यायालय में याचिका लगा दी। इस कारण नई भर्ती पर रोक लगा दी गई। उच्च न्यायालय ने 848 अभ्यर्थियों को 45 दिन में नियुक्ति देने का आदेश दिया है।