रायपुर। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर रविवार को जवानों ने मुठभेड़ के दौरान 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया था। वहीं इस मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद हो गए और 2 जवान गंभीर रूप से घायल हुए। जिन्हें इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया था। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हमले में घायल जवानों से मिलने रायपुर के निजी अस्पताल पहुंचे हुए थे। जहां पर उन्होंने जवान से मुलाकात कर हाल-चाल जाना साथ ही उनके हौसले की आफजाई भी की है।
जवानों का बढ़ाया हौसला :
इस दौरान संबंधित अधिकारियों और डॉक्टरों डिप्टी सीएम शर्मा ने जवानों के इलाज की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही उनके इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न हो निर्देश दिए। मंत्री शर्मा ने इन जवानों के स्वस्थ होने की कामना की। इसके आगे उन्होंने कहा कि, जवानों के समर्पण और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा। पूरे प्रदेश भर को उनके इस साहस ने गौरवान्वित किया है।
इतने नक्सली शव हुए बरामद :
जानकारी के मुताबिक रविवार को नक्सली और जवानों के बीच हुए मुठभेड़ में 1000 से अधिक जवानों ने लगभग 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया था। ये मुठभेड़ बीजापुर के इंद्रावती नेशनल पार्क इलाके में हुआ था जहां से सभी 31 नक्सली के शव रिकवर किए गए हैं, और बरामद हुए शव में से 5 की पहचान हो गई है, वहीं बाकी का शिनाख्त अभी जारी है।