MP Weather Update : राजधानी सहित प्रदेशभर में शनिवार से मौसम में बदलाव जारी है। रविवार तक भोपाल सहित एक दर्जन के करीब शहरों में बादल, कुछ शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। सोमवार को भी आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में आंधी के साथ बारिश होगी। भोपाल में बादल छाए रहेंगे। बादल और बारिश से रविवार को प्रदेशभर में दिन के औसत तापमान में करीब 2 डिग्री की कमी आने से तेज गर्मी से कुछ राहत रही।
19 मार्च से बारिश का दौर?
मौसम में बदलाव से प्रदेशभर में एक सप्ताह दिन के तापमान में कमी बनी रहेगी। 19 मार्च से भोपाल सहित प्रदेशभर में बारिश का दौर और तेज होगा। रविवार को रात का पारा प्रदेशभर में तेजी से बढ़ा। भोपाल में रात का तापमान सीजन का सबसे अधिक 22.2 डिग्री के पार पहुंच गया। इससे पहले 13 मार्च को यहां न्यनूतम पारा 21 डिग्री रहा है। मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को भी कई शहरों में बारिश होगी। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन उत्तर-पूर्वी राजस्थान और दक्षिणी हरियाणा के ऊपर बना हुआ है। दूसरा सकुर्लेशन उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश और आसपास सक्रिय है। एक ट्रफ लाइन भी मध्य प्रदेश और मराठवाड़ा से होकर गुजर रही है।
यहां आंधी के साथ बारिश
रविवार को सागर, दमोह, दक्षिण छतरपुर और पन्ना जिलों में आंधी के साथ कई जगह बारिश हुई। देर रात के बीच विदिशा, मध्य सागर, दमोह, दक्षिणी छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, उत्तरी सीधी और उत्तरी सिंगरौली जिलों में भी आंधी के साथ बारिश दर्ज हुई है। सोमवार को विदिशा, रायसेन, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगांज, सतना, अनुपपुर, कटनी, जबलपुर, नरपसांहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, मैहर जिलों में कई स्थानों पर आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है। विशेषकर रीवा, मऊगांज, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, मैहर जिलों में आंधी बारिश का दौर अधिक चलेगा।
कहां-कितना गिरा पारा?
भोपाल में दिन का पारा 2.2 डिग्री 35.2 डिग्री रहा, जबकि रात का 3.8 डिग्री बढ़कर 22.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। प्रदेश में सबसे अधिक दिन के पारे में गिरावट खजुराहो में 4.2 डिग्री रही, जबकि सबसे अधिक रात के तापमान में वृद्धि खजुराहो में ही 5.7 डिग्री के साथ पारा 22.6 डिग्री रहा है। प्रदेश में रविवार को औसत अधिकतम पारा 35 डिग्री रहा, जबकि औसत न्यूनतम पारा 21 डिग्री पर दर्ज हुआ। सबसे गर्म दिन नर्मदापुरम में 37.8 डिग्री पर दर्ज किया गया है। सबसे ठंडी रात नरसिंहपुर में 16.2 डिग्री पर रही।