रतलाम : मध्य प्रदेश के रतलाम से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक कप चाय पीने से 3 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। यह हैरान करने वाला मामला रतलाम जिले के पीपलीपाड़ा गांव का है। बच्ची की मौत किस वजह से हुई इसका पता लगाने का प्रयास स्वास्थ्य विभाग कर रही है।
तबीयत बिगड़ने का कारण अज्ञात
इधर, चाय पीने से बीमार हुए लोगों का कहना है कि उन्होंने बगैर दूध की काली चाय पी थी। उसी के बाद तबीयत बिगड़ने लगी। सभी को उलटी, दस्त और चक्कर आने लगे। जिसके बाद परिजनों ने सभी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। यह पूरा मामला 18 फरवरी की सुबह का है। दो दिन बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तबीयत बिगड़ने का कारण चाय है या कुछ और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये है पूरा मामला
उल्लेखनीय है कि 18 फरवरी को सुबह 60 वर्षीय बेरमबाई पत्नी जीवला सिंगाड़ ने चाय बनाई थी। इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ चाय पी थी। कुछ देर बाद उनके पति 62 वर्षीय जीवला सिंघाड़, पौती 3 वर्षीय प्रियंका पुत्री भंवरलाल सिंगाड़ व 17 वर्षीय पीना पुत्री नाहरसिंह सिंघाड़, पौतवधू 30 वर्षीय मेमुड़ीबाई पत्नी भंवरलाल सिंघाड़, देवर 55 वर्षीय हुरजी सिंघाड़ पुत्र जालू सिंघाड़ा की तबीयत बिगड़ी गई थी।उन्हें चक्कर आ रहे थे और उल्टियां हो रही थी। कुछ लोग अचैत हो गए थे। परिजन जीप से सभी को रावटी के सरकारी अस्पताल ले गए थे। सभी पीड़ितों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया था। प्रियंका की हालत गंभीर बनी थी। जिसने गुरुवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रावटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।