प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में आज पुलिस और एक इनामी शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई है। इस मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के नरवा सिटी का बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि थाना मानधाता इलाके का अकोढ़िया गांव निवासी रणजीत सिंह शातिर अपराधी है। उस पर हत्या जैसे गंभीर अपराध के दस मुकद्दमे दर्ज हैं। उन्होंने आगे बताया कि रणजीत लंबे वक्त से फरार चल रहा था और पुलिस ने उसे पकड़वाने वाले को 25 हजार रूपये इनाम देने का ऐलान किया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाश को घेरा
बीती रविवार देर रात मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के नरवा सिटी में मुठभेड़ के दौरान रणजीत को गोली लग गई थी। जिस कारण वह घायल हो गया था। इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। रणजीत के पास से पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायल रणजीत को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है।
बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के कानपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी थी जिसमें 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे तभी से विकास दुबे फरार चल रहा है। पुलिस ने अब उस पर ढाई लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।